

कुशीनगर। जनपद में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कसया व थाना तुर्कपट्टी की संयुक्त पुलिस टीम ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने मंगलवार को थाना कसया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सुलेमान राईनी, शशिरंजन तिवारी तथा शिवम उर्फ शुभम उर्फ शिवकुमार को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक पिकअप वाहन, एक जनरेटर तथा दो मोटरसाइकिल (बुलेट और अपाचे) बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह संगठित तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य पहले विभिन्न स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों व चार पहिया वाहनों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों को कुछ समय तक सुरक्षित स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था, जिसके बाद उन्हें बिहार राज्य में ले जाकर स्थानीय खरीदारों को बेच दिया जाता था। इस तरह गिरोह अन्तर्राज्यीय स्तर पर वाहन चोरी का नेटवर्क संचालित कर रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध जिले के कई थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से जुड़ा हुआ है। कसया, पड़रौना व तुर्कपट्टी थानों में दर्ज कई अभियोगों का भी अनावरण हुआ है। पुलिस के अनुसार इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) व 317(4) के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और संगठित गिरोहों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस सफल कार्रवाई में कसया व तुर्कपट्टी थाने की संयुक्त पुलिस टीम के उपनिरीक्षकों व पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और टीमवर्क के चलते अन्तर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर | 10 मार्च 2026
कुशीनगर पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश करते हुए 03 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 01 पिकअप, 01 जनरेटर और 02 मोटरसाइकिल बरामद हुईं। क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन सिंह ने बताया कि गैंग लंबे समय से सक्रिय था, पुलिस की सतर्क कार्रवाई से बड़ी सफलता मिली।
