


विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट।
दुदही/कुशीनगर।
समाज में अक्सर रिश्तों को लेकर बड़ी-बड़ी बातें होती हैं, लेकिन जब कोई व्यक्ति बिना स्वार्थ के किसी की जिम्मेदारी निभाता है तो वह मिसाल बन जाता है। कुछ ऐसा ही सराहनीय कार्य विकास खंड दुदही क्षेत्र के गौरी जगदीश ग्राम सभा से सामने आया है, जहां श्रीमती सुमन अजय नायक ने एक अनाथ जैसी परिस्थिति में पली लड़की की शादी अपनी सगी बेटी की तरह कराकर समाज के सामने मानवता और संवेदनशीलता का मजबूत उदाहरण प्रस्तुत किया।
मिली जानकारी के अनुसार गौरी जगदीश ग्राम सभा के निवासी नथू पटेल की पुत्री निक्की कुमारी की माता का देहांत लगभग 20 वर्ष पूर्व हो चुका था। ऐसे में परिवार के सामने बेटी के पालन-पोषण और उसके भविष्य की चिंता बड़ी चुनौती बन गई थी। इसी कठिन समय में नगर पंचायत सेवरही के माल गोदाम चौक निवासी स्वर्गीय भगवान दत्त मिश्रा की पुत्री श्रीमती सुमन अजय नायक और उनके परिवार ने आगे बढ़कर निक्की को बेटी का स्नेह दिया।
समय के साथ जिस तरह परिवार ने निक्की का पालन-पोषण किया, उसी तरह विवाह की जिम्मेदारी भी पूरी गरिमा और सम्मान के साथ निभाई। महंगाई के इस दौर में जहां लोग अपने कर्तव्यों से भी कतराने लगते हैं, वहीं नायक परिवार ने पूरे रीति-रिवाज, परंपराओं और सामाजिक मर्यादाओं के साथ निक्की की शादी धूमधाम से संपन्न कराकर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है।
शादी समारोह में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, मित्रों के साथ-साथ क्षेत्र के अनेक गणमान्य और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने नायक परिवार के इस मानवीय कदम की खुलकर सराहना की और नवविवाहित जोड़े को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों का कहना था कि आज के समय में जब रिश्तों में स्वार्थ हावी होता जा रहा है, ऐसे में यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। यह कदम बताता है कि इंसानियत आज भी जिंदा है, बस उसे निभाने वाले दिलों की जरूरत है।
इस अवसर पर श्रीमती सुमन नायक ने कहा कि उन्हें जरूरतमंदों की मदद करने की सीख अपने पिता स्वर्गीय भगवान दत्त मिश्रा और माता गायत्री देवी से मिली है। उन्होंने कहा कि यदि हर सक्षम व्यक्ति किसी एक जरूरतमंद का हाथ थाम ले, तो समाज में किसी को भी अकेला महसूस नहीं करना पड़ेगा।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट।
