
विलेज फास्ट टाइम्स महराजगंज से जिला मुख्यालय संवाददाता आलोक तिवारी की विषेश रिपोर्ट
महराजगंज। जनपद में उस समय भावुकता और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक आदरणीय श्री सोमेंद्र मीना के रामपुर जिले के लिए स्थानांतरण उपरांत भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह न केवल एक औपचारिक विदाई था, बल्कि उनके सफल, अनुशासित और जनोन्मुखी कार्यकाल के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर भी बना।
समारोह में जिला पंचायत सदस्य, निवासी सेमरा-चौनदौली अशोक यादव एवं आलोक तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्री मीना के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में महराजगंज पुलिस ने कानून-व्यवस्था को नई मजबूती दी। अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और पारदर्शी कार्यशैली ने आमजन के मन में सुरक्षा और विश्वास का भाव उत्पन्न किया।
अशोक यादव ने कहा कि श्री मीना ने प्रशासनिक दृढ़ता के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी संतुलन बनाए रखा, जो एक कुशल अधिकारी की पहचान है। वहीं आलोक तिवारी ने उनके कार्यकाल को जनपद के लिए “स्वर्णिम अध्याय” बताते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस-जन संवाद को मजबूत कर समाज में सकारात्मक माहौल स्थापित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और उनके नेतृत्व, अनुशासन एवं निर्णय क्षमता की सराहना की। कई वक्ताओं ने कहा कि श्री मीना ने टीम वर्क की भावना को प्रोत्साहित करते हुए हर चुनौती का डटकर सामना किया और विभाग को नई दिशा दी।
अपने संबोधन में श्री सोमेंद्र मीना ने महराजगंज की जनता, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस टीम के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां का कार्यकाल उनके जीवन के महत्वपूर्ण और यादगार पलों में शामिल रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस टीम आगे भी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेगी।
विदाई समारोह के अंत में सभी ने उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की। कार्यक्रम भावुक क्षणों के बीच संपन्न हुआ, जहां सम्मान, गर्व और विदाई की संवेदनाएं स्पष्ट रूप से झलक रही थीं।
