
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुबेरस्थान पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्कार्पियो वाहन में छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने चार अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जिससे अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। दिनांक 01 अप्रैल 2026 को थाना कुबेरस्थान पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान एक स्कार्पियो वाहन (संख्या DL 3 CAS 4694) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में चतुराई से छिपाकर रखी गई 66.42 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में 369 पैक ऑफिसर्स च्वाइस ट्रेटा पैक, 02 बोतल रॉयल स्टेज तथा 04 कैन किंगफिशर बीयर शामिल हैं। पुलिस ने मौके से चार अभियुक्तों—हेमंत कुमार, विकास कुमार, चंदन कुमार एवं दीपक कुमार (सभी निवासी जनपद गोपालगंज, बिहार)—को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में थाना कुबेरस्थान में मु0अ0सं0 66/2026 धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अवैध शराब के निष्कर्षण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।
इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए इसे कानून व्यवस्था की मजबूती की दिशा में एक ठोस कदम बताया है।
