




विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में पूर्णिमा स्नान के अवसर पर एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब थाना खड्डा क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें महिलाओं व बुजुर्गों की संख्या भी शामिल बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी श्री महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। अधिकारियों ने न सिर्फ घायलों का हाल जाना, बल्कि उनके परिजनों को ढांढस भी बंधाया। इस दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी घायलों का प्राथमिकता के आधार पर समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि घटना के कारणों की गहनता से जांच की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन की तत्परता से घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे स्थिति नियंत्रण में है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की निगरानी को और अधिक सख्त किए जाने की आवश्यकता है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और ओवरलोडिंग जैसे जोखिमपूर्ण कार्यों से बचें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
