
विशुनपुरा, कुशीनगर। (विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता)
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में मिट्टी से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद जहां घायल के परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं क्षेत्र में संचालित मिट्टी खनन और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की आवाजाही को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिट्टी लादकर जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक बाइक सवार की ओर बढ़ गया और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने मानवता दिखाने के बजाय वाहन को मौके से हटाकर फरार होना ही बेहतर समझा। घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में चल रहे मिट्टी खनन की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से मिट्टी की खुदाई और ढुलाई का कार्य जारी है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से जहां सड़कें प्रभावित हो रही हैं, वहीं आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती जा रही है। उनका आरोप है कि ऐसे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि मिट्टी खनन का कार्य वैध रूप से संचालित हो रहा है तो इसकी अनुमति किस विभाग ने दी है और इसकी निगरानी कौन कर रहा है। वहीं यदि नियमों की अनदेखी हो रही है तो जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान की जा रही है। मामले की जांच जारी है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
