

कुशीनगर जनपद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पटहेरवा थाना क्षेत्र के टोला सहदौली गांव में एक 10 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव दफन के दो दिन बाद अचानक कब्र से गायब हो गया। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक किशोरी की मौत कुछ दिन पहले चेचक की बीमारी के चलते हो गई थी। परिजनों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार दो दिन पूर्व गांव के पास ही कब्रिस्तान में उसका अंतिम संस्कार किया था। लेकिन सोमवार सुबह जब परिजन कब्र पर फूल चढ़ाने पहुंचे तो देखा कि कब्र खुदी हुई है और शव गायब है।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि कब्र थाना पटहेरवा से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ ही घंटों की खोजबीन के बाद किशोरी का शव कब्र से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के पीछे किसी तांत्रिक गतिविधि या आपराधिक मंशा की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज, गांव वालों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भय और आक्रोश दोनों है। परिजनों की मांग है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और सख्त कार्रवाई की जाए। पटहेरवा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे रहस्य से पर्दा उठा लिया जाएगा।
यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि समाज में पनप रही अंधविश्वास जैसी प्रवृत्तियों की ओर भी इशारा करती है।
थाना पटहेरवा पर तबारक अली पुत्र विस्मिल्लाह अंसारी साकिन पटहेरिया थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर द्वारा सूचना दिया गया कि उनकी पुत्री उम्र लगभग 10 वर्ष की दिनांक 18/19.07.2025 की रात्रि में चेचक की बीमारी की वजह से मृत्यु हो गयी थी। जिसके शव को उनके द्वारा दिनांक 19.07.2025 को गांव के कब्रिस्तान में दफनाया गया था। आज उनको पता चला कि शव कब्र से गायब है। सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की गयी, जांच के क्रम में शव की बरामदगी कर ली गयी है। प्रकरण में सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। उक्त के संबंध में क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन सिंह की बाईट।