

विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज नेटवर्क
कुशीनगर से विशेष संवाददाता
दानवीर भामाशाह जयंती पर ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ का भव्य आयोजन, ईमानदार करदाताओं को मिला सम्मान, राष्ट्र निर्माण में व्यापारियों की भूमिका को मिला नया सम्मान
कुशीनगर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ पूरे गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं रहा, बल्कि यह संदेश भी दिया गया कि ईमानदारी से व्यापार करने और समय पर कर अदा करने वाले व्यापारी ही देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की वास्तविक रीढ़ हैं।
समारोह में जनपद के विभिन्न मानकों पर चयनित 10 उत्कृष्ट व्यापारियों को प्रतिष्ठित ‘भामाशाह पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में तेजन सेन, दिव्यांशु अग्रवाल, कंचन गुप्ता, आशुतोष खेतान, विक्रम अग्रवाल, सौरभ जायसवाल, अवधेश जायसवाल, राजकुमारी तुलस्यान तथा अंकित अग्रवाल सहित चयनित व्यापारी शामिल रहे। इसके अलावा व्यापार जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 अन्य व्यापारियों और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने की, जबकि मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दूबे रहे। विशिष्ट अतिथियों में विधायक मनीष कुमार जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय तथा राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
अपने संबोधन में सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि दानवीर भामाशाह त्याग, राष्ट्रभक्ति, उदारता और समाज सेवा के ऐसे प्रतीक हैं, जिनका जीवन आज भी प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ व्यापार करते हुए समयबद्ध कर भुगतान कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सम्मानित व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान अन्य व्यापारियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे और शासन तथा व्यापारियों के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत होगा।
समारोह में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, उद्योग व्यापार एकीकरण मंडल, पूर्वांचल व्यापार मंडल तथा भारतीय उद्योग व्यापार परिषद न्यास सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई।
राज्य कर विभाग के उपायुक्त राजेश कुमार यादव, विकास विक्रम सिंह, सहायक आयुक्त कुमार अमित, सरिता यादव, बिरेन्द्र कुमार सरोज, राज्य कर अधिकारी राम भवन, सतीश चन्द्र अग्रवाल, भुवन चन्द्र पाण्डेय, ऋषि कुमार निगम, राहुल कुमार पांडेय सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
समारोह के अंत में वक्ताओं ने व्यापारियों से पारदर्शी व्यापार, समय पर कर भुगतान तथा आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। सम्मान समारोह ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि ईमानदार करदाता केवल व्यवसाय नहीं बढ़ाते, बल्कि राष्ट्र की आर्थिक नींव को भी मजबूत करते हैं। दानवीर भामाशाह की प्रेरणा के साथ आयोजित यह आयोजन व्यापार और शासन के बीच विश्वास, सम्मान और सहयोग का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
