
विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज नेटवर्क
कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद की पुलिस व्यवस्था में लंबे समय से चली आ रही सुस्ती, जवाबदेही और कार्यशैली को लेकर उठते सवालों के बीच पुलिस अधीक्षक ने बड़ा प्रशासनिक दांव चलते हुए 26 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। जारी प्रेस नोट के मुताबिक यह कार्रवाई जनहित एवं प्रशासनिक हित में की गई है, लेकिन इस व्यापक फेरबदल ने पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है। चर्चा इस बात की भी है कि अब केवल कुर्सियां ही नहीं बदली हैं, बल्कि जिम्मेदारियों का पूरा समीकरण बदल दिया गया है।
तबादला सूची में जिले के कई महत्वपूर्ण थानों और शाखाओं में नई तैनातियां की गई हैं। सेवरही, हाटा, नेबुआ नौरंगिया, कप्तानगंज, विशुनपुरा, कसया, बरवापट्टी, पडरौना, अहिरौली बाजार, चौराखास और महिला थाना समेत कई संवेदनशील थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। वहीं साइबर थाना, जनसूचना सेल, पीआरओ/मीडिया सेल, बीडीआई सेल तथा महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन जैसे महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं।
स्थानांतरण सूची में निरीक्षक विद्याधर कुशवाहा, जितेन्द्र टण्डन, चन्द्रभूषण प्रजापति, संजय दुबे और विनय कुमार सिंह सहित कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। वहीं उपनिरीक्षक धीरेन्द्र राय, विनय मिश्रा, दीपक सिंह, दिनेश कुमार, प्रतिन्द्र राय, इन्द्रानन्द पाण्डेय, मनोज वर्मा, शनि जावला, उपेन्द्र कुमार, चंदा यादव, राजेश यादव समेत अन्य अधिकारियों को नई तैनाती देकर प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब प्रदर्शन के आधार पर जवाबदेही तय होगी।
पुलिस अधीक्षक के इस फैसले को महज एक सामान्य तबादला नहीं, बल्कि पूरे पुलिस तंत्र को नई दिशा देने की कोशिश माना जा रहा है। प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि जहां अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई अपेक्षित स्तर पर नहीं थी, वहां अब नई टीम से बेहतर परिणाम की उम्मीद की जा रही है। साफ संकेत है कि कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर अब किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हालांकि, आम जनता की नजर केवल तबादलों पर नहीं, बल्कि उनके परिणामों पर भी रहेगी। लोगों का कहना है कि यदि सिर्फ नाम और कुर्सियां बदलें, लेकिन व्यवस्था वही पुरानी रहे, तो ऐसे फेरबदल का कोई विशेष अर्थ नहीं निकलता। जनता चाहती है कि थानों में फरियादियों की सुनवाई समय पर हो, अपराधियों पर बिना भेदभाव कार्रवाई हो और पुलिस की कार्यशैली में वास्तविक बदलाव दिखाई दे।
अब यह नई टीम जिले में कानून-व्यवस्था को कितनी मजबूती देती है, अपराधियों पर कितनी प्रभावी लगाम कसती है और आम नागरिकों का विश्वास कितनी तेजी से जीत पाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। फिलहाल इतना तय है कि पुलिस अधीक्षक के इस बड़े प्रशासनिक कदम ने पूरे महकमे में स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब केवल वर्दी पहनना पर्याप्त नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही आवश्यक है। आने वाले दिनों में यही तय करेगा कि यह फेरबदल केवल कागजों तक सीमित रहता है या वास्तव में जिले की पुलिसिंग में नया अध्याय लिखता है।
