
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद में गोतस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुशीनगर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे गोतस्कर के घर न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद अपराध जगत में हलचल तेज हो गई है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून से भागने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त कुमार यादव के नेतृत्व में जनपदभर में गोतस्करी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना तरयासुजान में दर्ज मुकदमा संख्या 345/2022 (धारा 3/5A/5B/8 गो-निषेध अधिनियम) के वांछित आरोपी बलकार सिंह पुत्र जोगिन्दर सिंह, निवासी गोरगढ़, थाना बुटाना, जिला करनाल (हरियाणा) के विरुद्ध न्यायालय, पडरौना द्वारा जारी धारा 83 सीआरपीसी की आदेशिका का पालन कराया गया।
गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को थाना तरयासुजान पुलिस टीम आरोपी के हरियाणा स्थित आवास पर पहुंची और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए कुर्की की कार्रवाई पूरी की। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हो रहा था। ऐसे में न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कठोर कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह, कांस्टेबल राहुल यादव तथा महिला कांस्टेबल राधा रावत की अहम भूमिका रही। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं कानून सम्मत तरीके से संपन्न कराई गई।
कुशीनगर पुलिस ने दोहराया है कि गोतस्करी, संगठित अपराध और अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी और अधिक तेज किया जाएगा। न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कुर्की, गिरफ्तारी तथा अन्य कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध करके फरार होने वालों के लिए अब कहीं भी सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा और कानून का शिकंजा हर हाल में उन तक पहुंचेगा।
