

विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। गुरुवार को जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने थाना रामकोला क्षेत्र में प्रस्तावित हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे में सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं के स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान हेलीपैड की सुरक्षा व्यवस्था, मंच स्थल, वीआईपी आवागमन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, आपातकालीन निकासी मार्ग, चिकित्सा सुविधाएं तथा आमजन की सुविधा से जुड़े सभी बिंदुओं का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाए, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह व्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने की हिदायत दी।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। कार्यक्रम स्थल पर युद्धस्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां भी लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिले में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए जाएंगे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण, गरिमामय और सफल बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहे और उन्हें सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
