
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता मुन्ना अंसारी की रिपोर्ट।
कुशीनगर। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के जंगल पंचरुखिया धनटोली में 27 जुलाई को हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया था। गंडक नहर की कच्ची पटरी पर धारदार हथियार से युवक हीरालाल की हत्या के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। अब इस चर्चित हत्याकांड में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक हीरालाल उम्र करीब 32 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय घरभरन की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। मामले में मृतक की पत्नी ममता देवी की तहरीर पर थाना कुबेरस्थान में मुकदमा संख्या 152/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस की नजर शहजाद उर्फ सज्जाद पुत्र अहमद मियां, निवासी रतनचक, थाना मीरगंज, जनपद गोपालगंज, बिहार पर गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब पूछताछ की तो वारदात के पीछे कथित तौर पर अवैध संबंध और उससे जुड़े विवाद की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी और आरोपी के बीच कथित अवैध संबंध थे। आरोप है कि आरोपी महिला को आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल भी कर रहा था। इसी विवाद ने आखिरकार खूनी मोड़ ले लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इसी विवाद को लेकर हीरालाल ने आरोपी को पचरुखिया बुलाया था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से कमर में चाकू छिपाकर वहां पहुंचा था। सुनसान स्थान पर दोनों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते आरोपी ने चाकू से हीरालाल पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से हीरालाल की मौत हो गई।
वारदात के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे चन्दन पर भी आरोपी द्वारा हमला किए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
हत्या की सूचना मिलते ही कुबेरस्थान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और एक रेडमी मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक महेश कुमार चौबे सहित थाना कुबेरस्थान की पुलिस टीम शामिल रही।
फिलहाल, जिस हत्याकांड को लेकर कल तक इलाके में तरह-तरह के सवाल उठ रहे थे, उसका पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हालांकि हत्या के पीछे बताए जा रहे कथित अवैध संबंध, ब्लैकमेलिंग और विवाद की पूरी सच्चाई पुलिस की विस्तृत जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगी।
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर—हर खबर पर पैनी नजर।
