
शिक्षा, समाजसेवा और मानव कल्याण में उत्कृष्ट योगदान का मिला सम्मान; 500 से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं डॉ. पाण्डेय
विलेज फास्ट टाइम्स, गोरखपुर न्यूज़ नेटवर्क
गोरखपुर। शिक्षा, समाजसेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले समाजसेवी एवं शिक्षाविद् डॉ. कुलदीप पाण्डेय को राजधानी लखनऊ में प्रतिष्ठित ‘प्राइड ऑफ ह्यूमैनिटी अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। द इंडियन एजुकेशन एंड वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान उनके शैक्षणिक, सामाजिक और मानवीय कार्यों के प्रति समर्पण का सम्मान है।
सम्मान समारोह में फाउंडेशन के संस्थापक संजय त्रिपाठी एवं अध्यक्षा कामना त्रिपाठी ने डॉ. कुलदीप पाण्डेय को अंगवस्त्र, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से उनके शुभचिंतकों, सहयोगियों और समाजसेवा से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है।
डॉ. पाण्डेय शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को अपनी कार्यशैली का आधार बनाकर निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वे केबीएस यूनिक ग्रुप ऑफ एजुकेशन से संबद्ध प्ले वर्ल्ड स्कूल, गोरखपुर के निदेशक, ग्लोबल एजुकेशन इंस्टीट्यूट के चेयरमैन, पंडित बृजेश पाण्डेय एजुकेशनल ट्रस्ट के मुख्य न्यासी एवं अध्यक्ष तथा युवा जनकल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। शिक्षा के विस्तार, युवाओं के कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता अभियानों में उनकी सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही है।
शैक्षणिक क्षेत्र में भी डॉ. पाण्डेय की उपलब्धियां व्यापक हैं। उन्होंने एमबीए, एम.कॉम., बी.कॉम., बी.एड. तथा नेचुरोपैथी में डीएनवाईएस-बीएनवाईएस की शिक्षा प्राप्त की है। शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें अब तक 500 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण स्वैच्छिक रक्तदान है। डॉ. पाण्डेय अब तक 30 बार स्वयं रक्तदान कर चुके हैं और पांच रक्तदान शिविरों का आयोजन कर जरूरतमंदों की सहायता की दिशा में योगदान दे चुके हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा, समर्पण तथा प्रतिबद्धता के साथ निभाने की प्रेरणा देगी। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय अपने पिता पंडित बृजेश पाण्डेय ज्योतिषाचार्य के मार्गदर्शन, प्रेरणा और आशीर्वाद को दिया। साथ ही फाउंडेशन की अध्यक्षा कामना त्रिपाठी एवं संस्थापक संजय त्रिपाठी के प्रति आभार व्यक्त किया।
