
नौ साल पहले हुई थी शादी, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया; घटना के बाद ससुरालीजन घर छोड़कर फरार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गौरी श्रीराम गांव के टोला सिरजम में शनिवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। 28 वर्षीय गायत्री देवी का शव ससुराल में मिलने के बाद मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा राजा पाकड़ टोला जमुआन निवासी राजू प्रसाद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बहन गायत्री देवी की शादी करीब नौ वर्ष पूर्व गौरी श्रीराम निवासी मनोज कुमार भारती के साथ हुई थी। शनिवार शाम करीब छह बजे उनके बहनोई ने फोन कर सूचना दी कि गायत्री ने साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे तो गायत्री का शव नीचे पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने घटना पर संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। सूचना पर पहुंची विशुनपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके पक्ष का आरोप है कि गायत्री को लंबे समय से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। कुछ माह पूर्व भी उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई थी, जिस पर दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज को लेकर आए दिन प्रताड़ना की जाती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के घर छोड़कर चले जाने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतका के दो बच्चे आयन्श (6 वर्ष) और रुद्रांश (4 वर्ष) हैं, जो अब मां के स्नेह से वंचित हो गए हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शनि ज्वाला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि गायत्री की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह? अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
