
एसडीएम के समक्ष दोनों पक्षों ने रखी अपनी बात, शांतिपूर्ण आयोजन पर बनी सहमति; मंदिर संबंधी विवाद न्यायिक प्रक्रिया के अधीन
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। पडरौना नगर स्थित चित्रगुप्त मंदिर को लेकर चल रहा विवाद अब प्रशासनिक सुनवाई तक पहुंच गया है। मंदिर के अधिकार, पूजा-पाठ, पुजारी के आवास और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मुद्दों पर शिकायतों के बीच प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 11 नवंबर को होने वाले चित्रगुप्त पूजन कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का विवाद, व्यवधान अथवा अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है।
मंदिर से संबंधित शिकायत के क्रम में दोनों पक्ष उपजिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए। कोतवाली में उपजिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा और तहसीलदार की मौजूदगी में हुई सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता श्री श्री चित्रगुप्त समिति तथा मंदिर पक्षकार चित्रगुप्त मंदिर समिति न्यास के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी बात रखी।

उपजिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि श्री श्री चित्रगुप्त समिति की ओर से मंदिर में पूजा-पाठ, पुजारी के आवास और मंदिर ट्रस्ट से संबंधित शिकायतें की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रशासन का मुख्य उद्देश्य 11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। अन्य विवादित विषय जांच के अधीन हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप की जाएगी।
दोनों पक्षों के बयान दर्ज, सौहार्द बनाए रखने की अपील
सुनवाई के दौरान एसडीएम ने दोनों पक्षों को आपसी सौहार्द बनाए रखने और मिलजुलकर धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराने का निर्देश दिया। इस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई। इसके बाद कानूनगो को दोनों पक्षों के बयान दर्ज कराकर हस्ताक्षर कराने के निर्देश दिए गए।

मंदिर पक्षकार चित्रगुप्त मंदिर समिति न्यास के महासचिव संजय चाणक्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपना बयान दर्ज कर हस्ताक्षर किए। वहीं शिकायतकर्ता श्री श्री चित्रगुप्त समिति के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव और मंत्री प्रमोद श्रीवास्तव ने भी अपना पक्ष दर्ज कराया।
त्योहारों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
प्रशासनिक सुनवाई के बाद दोनों पक्षों ने सहमति जताई कि 11 नवंबर के चित्रगुप्त पूजन कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का वाद-विवाद या व्यवधान उत्पन्न नहीं किया जाएगा। आयोजन की शांति और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दोनों पक्षों की होगी।
इधर, धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर एसडीएम सदर विवेक कुमार मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी सक्रियता बढ़ा दी है। पटाखा कारोबारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में जाम की समस्या से निपटने के लिए व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के साथ चर्चा कर समाधान की रणनीति बनाई गई।
मौके पर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी, नायब तहसीलदार, कानूनगो, नगरपालिका कर्मचारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
