
कसया/कुशीनगर से विजय कुमार पाण्डेय की खास रिपोर्ट
कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र में एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात कसया के दो होटलों—होटल पर्ल और उत्सव मैरिज लॉन—में छापा मारकर अनैतिक देह व्यापार में लिप्त 10 युवतियों और 6 युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में आपत्तिजनक वस्तुएं, नगद रुपये और चार पहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस को लंबे समय से थी गतिविधियों की भनक
सूत्रों के अनुसार, कसया क्षेत्र में लंबे समय से कुछ होटलों के जरिए देह व्यापार चलने की सूचना मिल रही थी। इस पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने टीम गठित कर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में कसया थाना व महिला थाना की संयुक्त टीम ने दो होटलों पर एक साथ छापा मारा।
छापेमारी के दौरान होटलों में बंद कमरों से आपत्तिजनक अवस्था में युवक-युवतियां मिले, जिन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में पता चला कि यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित ढंग से संचालित हो रहा था।
होटल संचालक करता था सेटिंग, पुलिस से बचाव के लिए कर्मचारी था तैनात
पकड़े गए लोगों ने बताया कि होटल संचालक नवीन सिंह पैसे लेकर कमरे उपलब्ध कराता था और पुलिस से बचाने के लिए एक कर्मचारी को निगरानी के लिए तैनात किया गया था। गिरोह को नवीन सिंह और एक फरार आरोपी सीपीएन राव मिलकर संचालित कर रहे थे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
गिरफ्तार युवक—जिले और आसपास से जुड़े नाम
गिरफ्तार युवकों में सहजनवा (गोरखपुर), कसया, मदनपुर (देवरिया) और हाटा जैसे क्षेत्रों के निवासी युवक शामिल हैं। युवतियां अलग-अलग शहरों से यहां लाई गई थीं।
बरामद हुआ आपत्तिजनक सामान
पुलिस ने मौके से दो कारें, 8 मोबाइल फोन, 10,700 रुपये नकद, बीयर की बोतलें, सेक्स ड्रग्स, कॉन्डम व कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद किए हैं।
FIR दर्ज, कानून की धाराएं लगीं
इस मामले में थाना कसया पर अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज
इस कार्रवाई के बाद कसया क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के गोरखधंधे की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन अब जाकर ठोस कदम उठाया गया है।



अवैध देह व्यापार में लिप्त गैंग के विरुध्द बड़ी कार्यवाही, 10 युवतियों और 6 युवकों सहित कुल 16 लोगों की हुई गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री संतोष कुमार मिश्रा की बाईट
