
कुशीनगर जनपद की सेवरहीं थाना पुलिस ने एक बड़ी ठगी के मामले का खुलासा करते हुए विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस आरोपी पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कई लोगों से अजरबैजान भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हरैया बुजुर्ग, थाना कुबेरस्थान निवासी संतोष सिंह व ब्रजेश कुमार सिंह ने 27 मई 2025 को थाने में शिकायत दी थी कि वाजिद अली नामक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे व अन्य लोगों से कुल ₹22,54,000 की ठगी की। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज, टिकट और वीजा बनवाकर देने के बाद टिकट कैंसिल करवा दिया और फिर फरार हो गए। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें धमकाया गया।
इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री संतोष कुमार मिश्रा ने तत्काल एफआईआर दर्ज कराते हुए जांच शुरू कराई। पंजीकृत मुकदमा संख्या 151/2025, विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत थाना सेवरही में दर्ज किया गया।
पुलिस की लगातार तलाश के बाद 2 अगस्त 2025 को वांछित अभियुक्त डॉ. वाजिद अली पुत्र मोहम्मद तारीफ निवासी दरोगाडीह, थाना बरवापट्टी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने रेहान टेस्ट सेंटर नाम से फर्जी ऑफिस खोलकर लोगों से पैसे लिए और फर्जी टिकट और वीजा बनाकर उन्हें धोखा दिया। विदेश जाने से एक दिन पहले टिकट कैंसिल कर मैसेज भेज दिया गया कि वीजा कैंसिल हो गया है, इसके बाद वह ऑफिस बंद कर फरार हो गया था।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:
1. थानाध्यक्ष धीरेन्द्र राय
2. उपनिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, चौकी प्रभारी कस्बा
3. कां. किशन सिंह
4. कां. आदित्य प्रताप सिंह
पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।
