
— सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे सवाल, प्रशासन की लापरवाही उजागर
महाराजगंज: से प्रवीण कुमार मिश्रा की खास रिपोर्ट
स्थानीय क्षेत्र के ग्राम ईटहिया स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर परिसर में आयोजित मेले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब एक बजे ब्रेक डांस झूले से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घायल युवक की पहचान नेपाल के नवलपरासी जिले के सुस्ता वार्ड नंबर 5 निवासी 30 वर्षीय विवेक पोखरेल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज़ गति से चल रहे ब्रेक डांस झूले की सवारी करते समय विवेक असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। इस दौरान उसके सिर,पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, निचलौल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गयी । मृतक विवेक अपने पीछे पत्नी व चार वर्षीय लड़का और पांच वर्षीय बेटी को छोड़ गया ।गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व इसी मेले में ‘मौत का कुआं’ नामक झूले पर करतब के दौरान एक अन्य युवक भी घायल हुआ था। बावजूद इसके प्रशासन ने किसी प्रकार की सख्त कार्रवाई नहीं की, जिससे सुरक्षा उपायों की अनदेखी स्पष्ट हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि झूलों की नियमित सुरक्षा जांच हो और आयोजकों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। इस संबंध में प्रभारी कोतवाल महेंद्र मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में है शव कों पोस्टमार्टम लिए भेज दिया गया है।तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


