
तमकुही राज कुशीनगर से अमित कुमार कुशवाहा की खास रिपोर्ट
कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां हाईवे पर ट्रकों से अवैध वसूली करने वाले एक फर्जी अधिकारी को स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते रंगेहाथ पकड़ लिया गया। पकड़ा गया युवक खुद को GST अधिकारी और ARTO अधिकारी बताकर ट्रक चालकों और मालिकों से अवैध वसूली कर रहा था।
घटना रविवार को माधोपुर बुजुर्ग के मँझरिया टोला के पास हाईवे पर घटी, जब स्थानीय लोगों ने देखा कि एक संदिग्ध युवक ट्रकों के नंबर और फोटो खींच रहा है। संदेह होने पर लोगों ने उसे रोका और पूछताछ की, जिसमें वह घबरा गया। बाद में तलाशी लेने पर उसके मोबाइल से कई ट्रकों के बिल, फोटो और दस्तावेज बरामद हुए, जो इस अवैध वसूली रैकेट की पुष्टि करते हैं।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत तमकुहीराज पुलिस को सौंप दिया। पुलिस द्वारा पूछताछ में युवक ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो हाईवे पर ट्रकों को निशाना बनाकर उनसे फर्जी तरीके से पैसा वसूलता है। उसने अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिससे पुलिस को पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले भी इसी तरह का एक मामला सामने आया था, जिसमें तमकुहीराज पुलिस ने ही एक अन्य गिरोह का भंडाफोड़ किया था।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल ट्रांसपोर्ट कारोबार को प्रभावित करती हैं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और विश्वास को भी ठेस पहुंचाती हैं। ऐसे में आम लोगों द्वारा दिखाई गई जागरूकता सराहनीय है।
पुलिस जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी है।


