
पटहेरवा कुशीनगर से विनय पाठक की खास रिपोर्ट
कुशीनगर जिले की पटहेरवा थाना पुलिस ने एक अहम सफलता हासिल करते हुए चोरी की दो घटनाओं का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से चोरी के ₹4,500 नकद, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
दो अलग-अलग थानों में दर्ज थे मामले
पुलिस ने बताया कि चोरी की यह घटनाएं पटहेरवा और चौराखास थाना क्षेत्रों में घटित हुई थीं। जिनके संबंध में क्रमशः मुकदमा संख्या 211/2025 (धारा 303(2)/317(2) बीएनएस) और 116/2025 (धारा 304/317(2) बीएनएस) दर्ज किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान करमैनी प्रेमवलिया, थाना कसया के रहने वाले साहिल अंसारी, निखिल कुमार और अच्छे प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पूर्व से भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और गिरोह बनाकर क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देते थे।
बरामदगी में शामिल वस्तुएं:
₹4,500 नकद
एक पल्सर मोटरसाइकिल (UP 57 BR 3890)
दो मोबाइल फोन
पुलिस टीम को सराहना
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक अनुराग यादव, मनोज वर्मा, हेड कांस्टेबल शोभनाथ, कांस्टेबल मुलायम यादव, दीपक राम और ओम प्रकाश यादव शामिल रहे।
पटहेरवा पुलिस की इस तत्परता से इलाके में जनता के बीच सुरक्षा का भाव और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। वहीं, पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान और तेज़ किया जाएगा।
