
कुशीनगर
जनपद स्तरीय तिरंगा मेला का हुआ आयोजन
तिरंगा मेले के आयोजन से जनपदवासियों के अंदर देश भक्ति का जज्बा पैदा करना है -राजेश्वर सिंह
लाखों माता – पिता की गोद सुनी होने के बाद मिली है आजादी
हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत आज जनपद स्तरीय तिरंगा मेला कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपाध्यक्ष बीज विकास निगम (दर्जा प्राप्त मंत्री) राजेश्वर सिंह एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर तथा अन्य गणमान्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर दर्जा प्राप्त मंत्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि इस तिरंगा मेले से सभी सभी युवाओं/छात्र /छात्राओं एवं पूरे जनपद वासियों को देश के प्रति सच्ची सद्भावना देश के प्रति प्रेम व देश भक्ति का जज्बा जागृत करेगा। उन्होंने सभी से संकल्प लिए जाने पर जोर देते हुए कहा कि इस देश में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी को आपस में मिल जुल कर देश के लिए एकजुटता पर बल दिया गया। उन्होंने देश की आजादी में वीर गति को प्राप्त करने वाले शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद, राम प्रसाद बिस्मिल, शाहिद भगत सिंह, असफाकउल्लाह खान सहित अन्य वीर जवानों ने कम उम्र में देश की खातिर अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजाद कराया, इसके पीछे बहुत बड़ा त्याग/साहस रहा है। उन्होंने मां0 मुख्यमंत्री का जिक्र करते हुए कहा कि देश तभी विकसित होगा जब हम सब में एकरूपता आएगी, तभी भारत देश फिर से सोने की चिड़िया बनेगा। उन्होंने नारी सुरक्षा के संबंध में कहा कि आज की बेटियां रानी लक्ष्मीबाई हैं जिस घर में बेटियां सुरक्षित हैं उस घर में कोई आफत/बला नहीं आती, उन्होंने किसानों के आय दुगुनी के संबंध में कहा कि विभाग प्रत्येक गांव में घूम कर वैज्ञानिक विधि से खेती किए जाने का गुर दे रहा है। उन्होंने कामना करते हुए कहा कि हर भारतवासी के दिल में देश के प्रति एक भावना /एकरूपता आए।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि इस वर्ष पूरे देश में राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर लगभग 05 करोड़ झंडा फहराया जाएगा, इसी क्रम में जनपद कुशीनगर में 08 लाख झंडे का वितरण कर जनपद के प्रत्येक घर में झंडा फहराने का कार्य किया जाएगा, इसी क्रम में इस तिरंगा मेला का आयोजन कर देश के प्रति हर नागरिक के दिल में देश प्रेम की भावना जागृत कर समाज को एकरूपता में लाए जाने के प्रयास में एक कदम है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में कल पुलिस लाइन से तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी। आज के कार्यक्रम की सफलता हेतु सभी संबंधित को धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि भारत देश एक सामान्य देश नहीं है, ये देवताओं द्वारा निर्मित देश है यहां राम, और कृष्ण, महादेव,ऋषि, मुनियों का देश है, ऐसे देश में हम सब पैदा हुए। उन्होंने कहा कि हजार वर्ष अपार संघर्ष के बाद देश का आम जनमानस गुलामी को स्वीकार्य नहीं कर पाया अंततः गुलामी की जंजीरों से मुक्ति मिली इसके लिए लाखों माता -पिता की गोद सुनी होने के बाद आजादी मिली है। उन्होंने कहा कि यहां कोई हिन्दू मुस्लिम नहीं है हम सब हिन्दुस्तानी है और आने वाले 2047 तक सभी को नए भारत की संकल्पना देखने को मिलेगा। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि मात्र तीन दिनों में पाकिस्तान घुटने के बाल आ गया। उन्होंने स्वदेशी अपनाए जाने सहित समाज को छोटी छोटी बातों पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि इसके परिणाम भविष्य में बड़े होंगे, तभी भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और ये जन आंदोलन का रूप लेगा।
इस अवसर पर जनपद के भूत पूर्व सैनिकों/उनके आश्रितों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र/छात्राओं द्वारा देश की आजादी/ऑपरेशन सिंदूर सहित काकोरी ट्रेन एक्शन संबंधित से संबंधित अपनी कला का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसके अंतर्गत संस्कृति विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, खादी ग्रामोद्योग विभाग, पंचायती राज विभाग आदि से प्रदर्शनी/स्टॉल लगाए गए थे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, परियोजना निदेशक पीयूष कुमार, डीडीओ अरुण कुमार पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी गण उपस्थित रहे।






