
डीएम ने कलेक्ट्रेट, एसपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय व सीडीओ ने विकास भवन पर किया ध्वजारोहण।
हम सबको अपने-अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं उत्साह के साथ निर्वहन करना ही स्वतंत्रता आंदोलन के महानायकों, क्रान्तिकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजली होगी – डीएम।
कुशीनगर
जनपद में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूम-धाम एवं हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। जनपद के सभी सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर प्रातः 08:00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा कलेक्ट्रेट भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा आजादी के अमर सपूतों एवं क्रान्तिकारियों को श्रद्धांजली एवं श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता तथा अखण्डता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेम कुमार राय उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय भवन पर तथा मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी ने विकास भवन पर ध्वजारोहण करते हुए उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों एवं संभ्रांत नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
ध्वजारोहण के उपरांत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, पत्रकार बंधुओं को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम जिन आदर्शाें की बात प्रायः करते है उन्हें सबसे पहले अपने व्यवहार में लाना ही देश एवं समाज के प्रति सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि हमें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का इमानदारी, लगन एवं उत्साह के साथ निर्वहन करते रहना ही देश के प्रति भक्ति और देश को आजादी दिलाने वाले महानायकों,
क्रांतिकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे वीर क्रांतिकारियों एवं आजादी के महानायकों के संघर्षों के बाद 1947 में जो स्वतंत्रता हमें मिली है उसको बनाए रखना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वतंत्रता के सच्चे अर्थों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी जाति, धर्म व क्षेत्र वाद से ऊपर उठकर एक दूसरे के प्रति प्रेम-भाव और भाईचारे की भावना के साथ अपनी-अपनी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के हिसाब से अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें जिससे हम सच्चे अर्थों में सामाजिक, राजनैतिक व आर्थिक रूप से स्वतंत्र होंगे। उन्होंने कहा कि एक लोकसेवक के रूप में अधिकारीगण सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं, पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, यही उनके लिए देशभक्ति एवं देश सेवा है।
उन्होंने कहा कि हमसब को शासन की मंशा के अनुरूप अपनी प्राथमिकताओं को समझ कर पूरी उर्जा एवं उत्साह के साथ अपने कार्यो एवं उत्तरदायित्वों को निष्पादित करें, यही हम सबका एक मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में सच्चा योगदान होगा।
उन्होंने उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के छात्राओं द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन के अवसर पर देशभक्ति गीतों आदि के मनमोहक प्रस्तुति पर उन्हें पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने वृक्षारोपण करते हुए कहा कि स्वस्थ्य पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप जिलाधिकारी, अपर उप जिलाधिकारी, डीएसओ, डीआईओ एनआईसी, प्रशासनिक अधिकारी, ओएसडी, ईडीएम, आपदा सहायक, सहित स्काउट गाइड्स के बच्चे एवं संभ्रांत नागरिक गण आदि उपस्थित रहे।



