
लखनऊ/कुशीनगर, 19 अगस्त 2025।
कुशीनगर जनपद की एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गोपाल राय ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस गंभीर प्रकरण का खुलासा किया।
श्री राय ने बताया कि झांगुर बाबा गैंग से जुड़े लोगों ने महिला को अपना शिकार बनाया और उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी हरकत करने के साथ-साथ जबरन धर्म परिवर्तन की कार्रवाई भी की। इस संबंध में परिषद ने क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज को एक तहरीर सौंपी थी।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच की। प्रथम दृष्टया घटना थाना कोतवाली पडरौना क्षेत्र की पाई गई, जिसके आधार पर थाना कोतवाली पडरौना में मुकदमा संख्या 452/2025 दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की विवेचना प्रचलित है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारी स्तर से भी इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला न केवल एक महिला की अस्मिता से जुड़ा है, बल्कि समाज की आस्था और सुरक्षा के लिए भी गहरी चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
