
कुशीनगर। जिले की कसया थाना पुलिस ने सराहनीय कार्यवाही करते हुए महज 12 घंटे के अंदर मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, वहीं दो नाबालिग बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है।
मामला 19 अगस्त 2025 का है, जब थाना कसया में उपेन्द्र सिंह पुत्र विशुन नरायन सिंह निवासी ग्राम सहोदर पट्टी, थाना महुआडीह जिला देवरिया द्वारा अपनी मोटरसाइकिल चोरी हो जाने की तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर थाना कसया पर मु0अ0सं0 534/2025 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया।
प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 20 अगस्त को चोरी गई मोटरसाइकिल हीरो (UP52AR5248) बरामद कर ली। इस दौरान चन्दन सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह निवासी मठिया खुर्द, थाना कसया को गिरफ्तार किया गया, साथ ही दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में ले लिया गया।
गिरफ्तारी/बरामदगी टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
प्रभारी निरीक्षक अमित शर्मा, उ0नि0 गौरव शुक्ला (चौकी प्रभारी कुशीनगर), उ0नि0 सत्य प्रकाश तिवारी, उ0नि0 सुजीत पांडे, हे0का0 साहिल यादव, हे0का0 रामसिंह यादव और का0 राहुल पांडे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है और कसया पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।
