
कुशीनगर। आगामी चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को तमकुहीराज तहसील क्षेत्र अंतर्गत दुदही ब्लाक के मीटिंग सभागार में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तमकुहीराज ने दुदही क्षेत्र में बीएलओ (BLO) पद पर तैनात सभी कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में एसडीएम ने चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धीकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, पात्र मतदाताओं के नाम हटाने और ई-रोल की समयबद्ध प्रविष्टि पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर मजरूल हक एडीओ पंचायत समेत क्षेत्र के शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और पंचायत कर्मचारी भी मौजूद रहे। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने भी चुनावी कार्यों की समय-सीमा और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


एसडीएम ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करें।
