
कुशीनगर। जनपद के पटेहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लबनिया गांव निवासी अनिल यादव पुत्र सुरेश यादव की बाइक तमकुहीरोड बाजार से चोरी हो गई। घटना 14 अगस्त 2025 की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच की है।
जानकारी के अनुसार, अनिल यादव अपनी बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 57 AZ 1876) से सेवरही थाना क्षेत्र के तमकुहीरोड बाजार खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनकी बाइक चोरी कर ली।
काफी तलाश के बाद जब वाहन नहीं मिला तो पीड़ित ने सेवरही थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक बाइक की बरामदगी नहीं हो सकी है।
इस बीच, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर को बाइक चोरी करते हुए साफ-साफ देखा जा सकता है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे आमजन में सुरक्षा को लेकर आक्रोश और चिंता दोनों व्याप्त हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर बाइक की बरामदगी कराई जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग सके।

