
कुशीनगर जनपद के थाना कसया में लापता युवक बच्चे को पुलिस ने 10 घंटे में सकुशल ढूंढकर परिवार के पास पहुंचाया। परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। गले लगते ही मां की आंखों में आंसू आ गए। ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस कार्यशैली की सराहना की और उनके भरोसे को और मजबूत किया।
कुशीनगर के थाना कसया क्षेत्र के ग्राम पकवा इनार निवासी आरती देवी के पति जयहिंद प्रसाद की पुत्री शिवानी कुमारी (10 वर्ष) 29 अगस्त की सुबह विद्यालय गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन असफल रहे तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के निर्देशन पर थाना प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश ने तत्काल टीम गठित कर तलाश शुरू कराई। अथक प्रयासों और खोजबीन के बाद मासूम को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। मासूम को देखकर परिजनों के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने भी पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों को राहत मिली और क्षेत्र में सुरक्षा की भावना बढ़ी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश, थाना कसया, उप निरीक्षक गौरव शुक्ला, चौकी प्रभारी कुशीनगर, आरक्षी राहुल पांडेय, आरक्षी राहुल विपाठी, महिला आरक्षी सरोज यादव का नाम प्रमुख है। इन सभी अधिकारियों और कर्मियों ने अपनी मेहनत और तत्परता से मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा। उनकी इस सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा की जा रही है और उनके प्रयासों को क्षेत्र में सराहा जा रहा है।
