

गाजीपुर में महिला सिपाही में सुभाषपा नेता को जड़ा थप्पड़ वीडियो वायरल
गाजीपुर जिले से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सपा-भासपा गठबंधन की राजनीति के बीच महिला सिपाही और सुभासपा नेता के बीच विवाद का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह मामला गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय का है। यहां किसी कार्य को लेकर आई महिला सिपाही और सुभासपा नेता के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि महिला सिपाही ने नेता जी पर कई थप्पड़ जड़ दिए। देखते ही देखते वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और किसी ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद यह मुद्दा राजनीतिक रंग लेने लगा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर कटाक्ष किया। अखिलेश यादव ने राजभर को घेरते हुए लिखा कि यही है भाजपा के सहयोगी दल की हकीकत, जो जनता के बीच अपनी खोई हुई साख ढूंढने में नाकाम साबित हो रहे हैं।अखिलेश यादव के इस बयान और वीडियो शेयर करने के बाद राजनीति गरमा गई है। सुभासपा नेताओं का कहना है कि वायरल हो रहा वीडियो पुराना है, जिसे वर्तमान राजनीति को प्रभावित करने के लिए पेश किया जा रहा है। वहीं कुछ लोगों का दावा है कि महिला सिपाही और नेता के बीच का विवाद व्यक्तिगत स्तर पर था, लेकिन इसका राजनीतिकरण कर विपक्षी दल एक-दूसरे पर तंज कस रहे हैं।
गाजीपुर पुलिस प्रशासन ने इस मामले में फिलहाल किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। न ही यह स्पष्ट किया गया है कि विवाद किस वजह से हुआ और महिला सिपाही ने ऐसा कदम क्यों उठाया। हालांकि वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।एक ओर जहां विपक्ष इस वीडियो को हथियार बनाकर ओमप्रकाश राजभर और उनकी पार्टी को घेर रहा है, वहीं सुभासपा नेता इसे राजनीति से प्रेरित करार दे रहे हैं। अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो और सियासी तकरार का असर गाजीपुर की स्थानीय और प्रदेश की बड़ी राजनीति पर कितना पड़ता है।
