
लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव से कई जिलों के कप्तान बदल गए हैं और कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नवीन आदेश के अनुसार, हेमराज मीणा और संतोष मिश्रा को डीजीपी ऑफिस से अटैच किया गया है। वहीं, जयप्रकाश सिंह को उन्नाव का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। देवरिया की कमान अब संजीव सुमन संभालेंगे। विक्रांत वीर को भी डीजीपी ऑफिस से अटैच कर दिया गया है।
अलीगढ़ का नया एसएसपी नीरज कुमार जादौन को बनाया गया है जबकि हरदोई में अशोक कुमार मीणा को एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। हापुड़ कांड से चर्चा में आए अभिषेक वर्मा को सोनभद्र का एसपी नियुक्त किया गया है। प्रतापगढ़ की कमान दीपक भूकर को सौंपी गई है।
आजमगढ़ में डॉ. अनिल कुमार द्वितीय को एसएसपी बनाया गया है। कुशीनगर के नए कप्तान होंगे केशव कुमार। अंबेडकरनगर में अभिजीत शंकर को एसपी की जिम्मेदारी मिली है। औरैया में अब अभिषेक भारती होंगे एसपी।
इसके अलावा, प्रयागराज में मनीष शांडिल्य को डीसीपी बनाया गया है, जबकि अनिल झा को आगरा रेलवे का एसपी नियुक्त किया गया है। चौथी वाहिनी प्रयागराज में सर्वेश मिश्रा को सेनानायक बनाया गया है।
इन तबादलों के बाद प्रदेश के कई जिलों की कानून-व्यवस्था में नई ऊर्जा और रणनीति देखने को मिलेगी। सरकार का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक दृष्टि से जरूरी था और पुलिसिंग को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है।
यूपी पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल से आम जनता को भी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव और मजबूती की उम्मीदें जुड़ गई हैं।
