
कुशीनगर जनपद से एक सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई है। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सरिसवा में बधाई मांगने पहुंचे किन्नरों पर घातक हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मोतीलाल यादव के पुत्र के घर हाल ही में संतान का जन्म हुआ था। इस खुशी की सूचना मिलने पर विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्नर पट्टी गांव में रहने वाली किन्नर पूजा किन्नर, उनकी साथी तारा रानी और ढोलक-झाल बजाने वाले साथी बधाई मांगने पहुंचे थे।
आरोप है कि बधाई मांगने की प्रक्रिया के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच मोतीलाल यादव ने गाली-गलौज करते हुए अचानक हंसुआ से हमला कर दिया। हमले में पूजा किन्नर के हाथ में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। घायल पूजा को उनके सहयोगियों ने तुरंत दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया। प्राथमिक इलाज के बाद उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया और इसके आधार पर पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित पक्ष ने घटना की पूरी जानकारी तुर्कपट्टी थाने को दी और नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, किन्नर समाज ने इस हमले की निंदा करते हुए आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
