

कुशीनगर। जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गांव के पूर्व ग्राम प्रधान के छोटे भाई के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये नगद, कीमती जेवरात और कीमती कपड़े पार कर लिए। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवारजन घर के दूसरे हिस्से में सोए हुए थे। सुबह जब दरवाजा टूटा और सामान बिखरा देखा गया तो हड़कंप मच गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर अलमारी और संदूक का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेट ले गए। घर से चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। चोरी की इस वारदात से न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस सक्रियता नहीं दिखा रही।
घटना की जानकारी मिलते ही नेबुआ नौरंगिया पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे घटनाओं को रोकने के लिए गश्त तेज की जाए और रात्रि गश्ती दल को सक्रिय किया जाए, ताकि लोग अपने घरों में सुरक्षित महसूस कर सकें।
