
कुशीनगर। जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि महिलाएँ भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। ताज़ा मामला तमकुही राज थाना क्षेत्र के लतवा बाजार का है, जहाँ बेखौफ़ चैन स्नैचरों ने बीती रात करीब 10 बजे एक महिला को अपना शिकार बना लिया। जानकारी के अनुसार महिला अपने घर पर बाहर दरवाजे खड़ी रही थी, तभी रास्ता पूछने के बहाने दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका और पलक झपकते ही गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ तौर पर बदमाशों की करतूत देखी जा सकती है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने बताया कि बदमाशों ने बड़ी चालाकी से पहले रास्ता पूछा और फिर अचानक मंगलसूत्र खींच लिया। जब तक वह शोर मचाती, बदमाश बाइक दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गए।
इस वारदात ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि आए दिन क्षेत्र में चोरी और छिनैती की घटनाएँ बढ़ रही हैं लेकिन पुलिस का गश्त केवल कागज़ों तक सीमित है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
लोगों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख़्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद महिलाओं में खासा आक्रोश और भय का माहौल है।
