
देवरिया। जिले की रुद्रपुर पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडे तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान रुद्रपुर पुलिस ने एक अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस को 23 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध असलहा लेकर जाफराबाद मोड़, करिहवा पुल के पास मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर अभियुक्त कृष्णा दूबे पुत्र प्रमोद दूबे निवासी एकला मिश्रौलिया, थाना रुद्रपुर को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
अभियुक्त से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, मुख्य आरक्षी इन्द्रजीत कुमार, आरक्षी चंद्रकांत गौड़, कन्हैया चौधरी और जवाहर बिंद की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस टीम की इस उपलब्धि की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
रुद्रपुर पुलिस का कहना है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए लगातार चेकिंग और अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में असलहा रखने वाले और असामाजिक तत्व पुलिस की निगरानी में हैं और जल्द ही अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
