
कुशीनगर जनपद के गोड़रिया क्षेत्र अंतर्गत कुबेरा भुआलपट्टी गांव का एक युवक शनिवार रात नहर में कूद गया। देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक का नाम सूरज यादव (28 वर्ष) पुत्र रमाकांत यादव है। करीब एक माह से वह अपनी पत्नी पूनम यादव के साथ ससुराल मोहनपट्टी में रह रहा था। शुक्रवार शाम वह कसया से पत्नी के लिए दवा लेकर अपने साथी भोला यादव के साथ घर लौटा था। रात करीब 10 बजे पत्नी ने दवा खाने के लिए फोन किया, लेकिन फोन उसकी बहन ने उठाया। इसी बीच ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने सूरज को नहर में कूदते हुए देखा।
घटना के बाद पुलिस ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम लगाकर युवक की तलाश शुरू कर दी है। रविवार की शाम तक भी युवक का कोई पता नहीं चल सका।
इस घटना ने परिवार में आरोप-प्रत्यारोप को जन्म दे दिया है। पत्नी का आरोप है कि सूरज को उसके माता-पिता प्रताड़ित करते थे, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। वहीं माता-पिता का कहना है कि सूरज अपनी पत्नी से परेशान था और उसी कारण नहर में कूदा।
परिवार के दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद से घर में चीख-पुकार मची हुई है।
थानाध्यक्ष विशुनपुरा आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है।
