

कुशीनगर थाना रामकोला मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत कुशीनगर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए 4 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। यह मामला थाना रामकोला क्षेत्र के ग्राम पगार छपरा का है, जहां 2 बच्चियां और 2 बच्चे 29 सितंबर की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। बच्चों के देर शाम तक घर न पहुँचने पर परिजनों ने चिंतित होकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन में थाना रामकोला पुलिस सक्रिय हो गई। डायल-112 के जरिए मिली सूचना पर चौकी इंचार्ज खुटही उपनिरीक्षक मनोज द्विवेदी व कांस्टेबल आशुतोष कुमार की टीम तुरंत ग्राम पगार छपरा पहुँची और परिजनों से जानकारी लेकर बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
लगातार खोजबीन के बाद पता चला कि चारों बच्चे रास्ता भटककर बिहार के थावे रेलवे स्टेशन पहुँच गए हैं। इस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चों के परिजनों को साथ लेकर थावे पहुँची और वहां से सभी बच्चों को सकुशल बरामद किया। तत्पश्चात उन्हें सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कुशीनगर पुलिस द्वारा की गई यह त्वरित कार्रवाई न केवल परिजनों के लिए राहत भरी साबित हुई बल्कि यह मिशन शक्ति अभियान की सार्थकता को भी दर्शाती है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाना है।
इस सराहनीय कार्य के लिए थाना रामकोला पुलिस टीम की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने भी टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनपद पुलिस सदैव नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास को सर्वोपरि मानती है।
