

कुशीनगर। जनपद के चौराखास थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात पुलिस और पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश सुग्रीव कुशवाहा पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा, कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संयुक्त पुलिस टीम (चौराखास थाना, पटहेरवा थाना और स्वाट टीम) को सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त घोड़ाघाट पुल के समीप मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की तो मोटरसाइकिल पर सवार आरोपी ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में सुग्रीव घायल हो गया और मौके पर दबोच लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान पकडियहवा भैसहा निवासी सुग्रीव कुशवाहा पुत्र सुर्दशन कुशवाहा के रूप में हुई। वह थाना तमकुहीराज के केस संख्या 299/2025 धारा 3(1) गैंगेस्टर एक्ट में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी पशु तस्करी में सक्रिय बताया जा रहा है।
बरामदगी में पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक बाइक और 630 रुपये नगद जब्त किए। पुलिस टीम में एसओ स्वाट आशुतोष सिंह, थानाध्यक्ष चौराखास अजय पटेल, थानाध्यक्ष पटहेरवा विनय मिश्रा समेत स्वाट के कई जवान शामिल रहे।


