
कुशीनगर। जिले के खड्डा तहसील क्षेत्र में गुरुवार सुबह सियार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 10 बजे करदह और हथिया गांव में सियार ने अचानक लोगों पर हमला बोल दिया। इन हमलों में कुल नौ ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और युवक शामिल हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सियार अचानक गांव में घुस आता और सामने दिखने वाले लोगों पर झपट पड़ता था। हमले में करदह गांव की बिंदा देवी का होंठ बुरी तरह फट गया, वहीं हथिया गांव के संदीप यादव का अंगूठा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके अलावा उदयभान समेत कई अन्य ग्रामीणों को भी खरोंचें और चोटें आईं।
हमले से दहशत में आए ग्रामीणों ने एकजुट होकर सियार को घेर लिया और मार डाला। घायलों को तत्काल तुर्कहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एंटी-रेबीज का टीका लगाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में एक महिला को जिला अस्पताल रेफर किया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और हमले की परिस्थितियों की जांच की। टीम ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और रात या सुबह के समय अकेले बाहर न निकलने की अपील की।
गांव में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले कभी नहीं हुई थीं, जिससे लोग खासे चिंतित हैं। वहीं प्रशासन ने वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने और आपात स्थिति में तत्काल मदद का आश्वासन दिया है।
