

कुशीनगर। विजयादशमी व नवरात्रि पर्व के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुशीनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार के निर्देशन में गुरुवार 2 अक्टूबर को पूरे जनपद में समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों ने अपने-अपने पुलिस बल के साथ सायंकाल पैदल गश्त व फ्लैग मार्च निकाला।
त्यौहार पर किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोकने के लिए पुलिस ने दुर्गा पंडालों, प्रमुख मार्गों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों, चौराहों, होटल, रेस्टोरेंट और सरायों में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं व वाहनों की सघन चेकिंग की। पैदल गश्त के दौरान अफसरों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया।
दशहरे जैसे बड़े पर्व पर महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर भी पुलिस विशेष रूप से सजग दिखाई दी। हर थाना और चौकी क्षेत्र में पुलिस कर्मी सतर्क दृष्टि बनाए रखे हुए हैं। गश्त के दौरान जवानों की सक्रियता और मुस्तैदी देखकर आमजन ने भी राहत की सांस ली।
एसपी कुशीनगर का कहना है कि पुलिस पूरी तरह कटिबद्ध है कि जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था हर हाल में बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
👉 सुरक्षा के इस सशक्त संदेश ने जनपदवासियों को यह भरोसा दिलाया है कि कुशीनगर पुलिस की पैनी नज़र में दशहरा पर्व पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।









