

पडरौना। नगर के मानस कॉलोनी स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री बुढ़िया माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार को भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पूरे दिन विशेष पूजन-अर्चन और विशाल भंडारा श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। श्रद्धालु मां के जयकारों से मंदिर परिसर को गुंजायमान करते रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनय जायसवाल ने मां के चरणों में विधिवत पूजन-अर्चन किया और नगर तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। पूजन के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कर माता की सेवा का सौभाग्य प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा – “नवरात्रि का यह महापर्व भक्ति, शक्ति और समर्पण का प्रतीक है। मां दुर्गा का आशीर्वाद हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। नगर पालिका परिवार सदैव नगर की जनता के साथ हर धार्मिक और सामाजिक आयोजन में सहभागिता निभाता रहेगा।”
भक्तों की भारी भीड़ के बीच मंदिर प्रांगण में पूरे दिन धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में माता की स्तुति करती रहीं तो बच्चे और युवक-युवतियां भक्ति गीतों में डूबे नजर आए। विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक सुख की अनुभूति की।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल सहित नगर की सम्मानित मातृशक्ति किशोरी देवी, चंद्रावती देवी, चंदा देवी, कलावती देवी, संगीता देवी, सरोज देवी, मनोरमा देवी, गुंजा देवी आदि ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं नगर के गणमान्य नागरिक चंद्रशेखर मद्धेशिया, बोध चौबे, मुन्ना जायसवाल, सूर्यप्रकाश राय, अमित तिवारी, रितेश जायसवाल, गौरव चौबे, अरविंद कुशवाहा, आलोक विश्वकर्मा, आकाश वर्मा, अनूप गोंड, सुभाष चौरसिया, संजय सिंह, रत्नेश बाबा, शिव मद्धेशिया, संजय सिंघल, गौरव रौनियार, अंशू जायसवाल, विनय मद्धेशिया, अरुण सिंह, गुल्लू मद्धेशिया समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नवरात्रि पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न सिर्फ नगरवासियों को भक्ति और उत्साह के एक सूत्र में बांधा, बल्कि पारंपरिक संस्कृति और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम भी प्रस्तुत किया।
