
कुशीनगर। जुम्मे की नमाज और मूर्ति विसर्जन जैसे संवेदनशील अवसरों को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया। जिलाधिकारी कुशीनगर श्री महेन्द्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार ने संयुक्त रूप से थाना कोतवाली पडरौना क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और हर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आम जनमानस एवं श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया कि जिले में अमन-चैन, सौहार्द और सुरक्षा कायम रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात दोहराते हुए अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अशांति को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने यह संदेश भी दिया कि जिले में शांति, भाईचारे और सौहार्द का वातावरण हर हाल में बरकरार रखा जाएगा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी पडरौना, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक पडरौना, यातायात निरीक्षक कुशीनगर, पीआरओ पुलिस अधीक्षक समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की इस सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई तथा त्यौहारों के दौरान जिलेभर में शांति और आपसी भाईचारे का माहौल कायम रहने का विश्वास और गहरा हुआ।


