
कुशीनगर। थाना पटहेरवा क्षेत्र में हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार महिला अभियुक्ताओं को चोरी गये आभूषण व नगदी सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री निवेश कटियार के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज श्री राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रार्थी राघवेन्द्र चौधरी निवासी फाजिलनगर ने थाना पटहेरवा में तहरीर दी थी कि मेले के दौरान उनकी पत्नी के गले से मंगलसूत्र काटकर महिला चोर फरार हो गई। मामले में थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 263/2025 धारा 304(2) बीएनएस पंजीकृत कर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 02 अक्टूबर को घटना का खुलासा कर चार महिलाओं—1. मंजू देवी निवासी मऊ, 2. सरिता देवी निवासी आजमगढ़, 3. रीना देवी निवासी मऊ व 4. मैना देवी निवासी देवरिया—को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक मंगलसूत्र, एक चेन मय लाकेट तथा 2490 रुपये नगद बरामद किए गए।
पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे मेलों, पूजन स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर महिलाओं व बच्चों के बीच घुल-मिल जाती हैं और मौका पाकर गहनों की चोरी कर लेती हैं। चोरी करने के बाद तुरंत भीड़ का फायदा उठाकर भाग जाती हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा, उ0नि0 मनोज कुमार वर्मा, का0 सुरजीत कुमार, का0 जितेन्द्र कुमार, महिला का0 रानू सिंह व रेखा यादव शामिल रहीं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता से स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
