

कुशीनगर। जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमानगंज गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घर के अंदर से अवैध रूप से शराब बेचे जाने का खुलासा हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के कुछ लोग लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय हैं। ये लोग न केवल खुलेआम शराब बेच रहे हैं बल्कि युवाओं और समाज के अन्य वर्गों को भी गलत राह पर धकेल रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध शराब बिक्री के कारण गांव का माहौल बिगड़ रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद अब चर्चा तेज हो गई है कि आखिर ऐसे लोगों पर अब तक प्रशासन ने कठोर कदम क्यों नहीं उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो गांव में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि ग्रामीण इलाकों में किस तरह से गुपचुप तरीके से अवैध शराब का कारोबार पनप रहा है और समाज के लिए खतरा बन रहा है। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।
