




कुशीनगर। नवरात्रि पर्व और दशहरा के अवसर पर जनपद कुशीनगर में मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस की सख्त निगरानी तथा सतर्क प्रबंधन की वजह से श्रद्धालुओं ने भक्ति और आस्था के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विदाई दी।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए। सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्था की कमान संभाले रहे। वहीं, थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ गश्त करते हुए विसर्जन मार्गों पर सक्रिय नजर बनाए रहे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हर छोटे-बड़े जुलूस की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चौकसी बरती।
पुलिस की सतर्कता और चाक-चौबंद व्यवस्था का ही नतीजा रहा कि कहीं भी किसी तरह की अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती से श्रद्धालुओं ने सुरक्षित वातावरण में पर्व का आनंद लिया।
जनपद पुलिस ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि वे मूर्ति विसर्जन के दौरान शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह या उत्तेजना फैलाने से बचें। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि त्योहार सौहार्द और भाईचारे के संदेश को मजबूत करने का अवसर है, इसलिए सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से कुशीनगर पुलिस ने नवरात्र और दशहरा पर्व के दृष्टिगत लगातार फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और सुरक्षा समीक्षा कर तैयारियां पूरी कर ली थीं। इसी का नतीजा रहा कि विसर्जन पर्व पूरी तरह से शांति और उल्लासपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो रहा है।
