
कुशीनगर। जनपद के तहसील पड़रौना में शनिवार को आयोजित “सम्पूर्ण समाधान दिवस” में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से जनता की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को मौके पर जाकर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम महेन्द्र सिंह तंवर ने कहा कि किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। प्रत्येक प्रकरण का समाधान निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि जनता को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। वहीं, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर पर होना है, उन पर विस्तृत रिपोर्ट लगाकर तत्काल संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया जाए, ताकि किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो।
अधिकारियों ने समाधान दिवस में आई समस्याओं की गहराई से समीक्षा की और फरियादियों को भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर कार्रवाई होगी तथा जनता को न्याय अवश्य मिलेगा। मौके पर राजस्व, पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



