
फाजिलनगर (कुशीनगर)।
पिछले 24 घंटों से हो रही तेज बारिश और हवाओं ने पूरे क्षेत्र में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार तक जारी रहा, जिससे कस्बे के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण सबसे बड़ी समस्या बिजली आपूर्ति की बन गई है। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे टूट गए, जबकि कॉलेज रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र में पानी घुस जाने से कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि तीन से अधिक फीडरों में पानी भर गया है, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
इधर, नेहरू इंटर कॉलेज के कई कमरों और प्रधानाचार्य कक्ष में भी पानी भर गया है। शिक्षकों का कहना है कि यदि जल निकासी नहीं हुई तो आगामी शिक्षण कार्य प्रभावित हो सकता है।
बारिश का असर मुख्य बाजार और गलियों पर भी देखने को मिला है। सड़कों व घरों के आसपास गंदा पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। राहगीरों को गड्ढों और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल जल निकासी और बिजली बहाली की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि सामान्य स्थिति जल्द बहाल की जा सके।
