
गोरखपुर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एक भाई ने अपनी सगी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि बहन के प्रेम संबंध से नाराज होकर युवक ने उसे नहर में डुबोकर मार डाला और शव को खेत में फेंक दिया। कुछ ही देर बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
मामला भौराबारी गांव का है। यहां रहने वाला आदित्य यादव सोमवार की सुबह अपनी 19 वर्षीय बहन नित्या यादव के साथ बाहर निकला। नित्या इंटरमीडिएट की छात्रा थी और एक युवक से उसके प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि आदित्य ने कई बार बहन को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी तो उसने यह हैवानियत भरा कदम उठा लिया।
पुलिस के अनुसार, जब नित्या घर से बाहर निकली, तो आदित्य भी उसके पीछे चला गया। रास्ते में धबिना नहर के पास पहुंचते ही उसने बहन को पकड़कर जबरन पानी में डुबो दिया। कुछ ही देर में नित्या की सांसें थम गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को करीब ढाई किलोमीटर दूर एक धान के खेत में फेंक दिया और घर लौट आया।
कुछ घंटे बाद आदित्य ने खुद पुलिस को कॉल कर हत्या की सूचना दी। कैंपियरगंज थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने अपराध स्वीकार भी कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
गांव में इस सनसनीखेज वारदात के बाद सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों को विश्वास नहीं हो रहा कि एक भाई अपनी ही बहन की जान ले सकता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसे बहन के “चरित्र” पर संदेह था और वह उसकी हरकतों से परेशान था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। वहीं, इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और समाज में एक बार फिर “ऑनर किलिंग” जैसे मुद्दे पर बहस छेड़ दी है।
