

कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार के निर्देशन में चल रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत पडरौना कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही 100 पेटी अंग्रेजी शराब और 20 पेटी बीयर से भरे एक टाटा ट्रक (संख्या WB 25 D 3928) को पकड़कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामदगी सहित कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रंजन कुमार और सचिन कुमार, दोनों निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनका गिरोह विशेष बॉक्स वाले ट्रक से अवैध शराब बिहार पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचता है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उपनिरीक्षक सचिन दिवाकर, चन्दन मौर्य और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने ट्रक व शराब जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 व बीएनएस की धारा 111(2)(B) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



