




कुशीनगर। तहसील खड्डा क्षेत्र के ग्राम सभा चमडीहा में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने खेत के पास एक मगरमच्छ को रेंगते हुए देखा। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही राजस्व एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल बिछाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण ऐसे जलीय जीव गांव के समीप पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे और जलभराव वाले इलाकों में ना जाने की चेतावनी दी है।
गांव में मगरमच्छ निकलने की यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
