
कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार रात व्यापक रात्रि चेकिंग अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह ने थाना कोतवाली हाटा, कसया, तुर्कपट्टी, कुबेरस्थान तथा कोतवाली पडरौना क्षेत्रों का दौरा कर रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीआरवी वाहनों की स्थिति, ड्यूटी चार्ट और गश्त मार्ग का बारीकी से अवलोकन किया। सभी पुलिसकर्मी निर्धारित रूट पर सक्रिय और सतर्क पाए गए। क्षेत्राधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को चौकसी बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर निगरानी रखने और क्षेत्र में निरंतर गश्त जारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पिकेट ड्यूटी में तैनात जवानों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए।
एसपी केशव कुमार द्वारा चलाए जा रहे ऐसे नियमित निरीक्षण और चेकिंग अभियानों का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जनपद में रात्रि गश्त की बढ़ती सघनता से पुलिस की सक्रियता साफ झलक रही है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।
