
कुशीनगर। थाना रामकोला पुलिस ने चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को चोरी गये सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है। बरामद माल की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना क्षेत्र के पिपराडीह अमडरिया निवासी श्रीमती जहरुन खातुन ने 19 सितंबर 2025 को पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि वह 11 सितंबर को अपने मायके गई थीं। वापसी पर उन्होंने देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और बेटी की शादी के लिए रखा गया कीमती सामान चोरी हो गया है। इस पर थाना रामकोला में मु0अ0सं0 412/25 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पडरौना के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने आज शुक्रवार को अथक प्रयासों के बाद घटना का खुलासा कर दिया। टीम ने चोरी में शामिल दो अभियुक्तों — वसीम अंसारी पुत्र सिकन्दर अंसारी तथा खुशबुल्लाह पुत्र कलामुद्दीन, दोनों निवासी अमडरिया पिपराडीह, थाना रामकोला — को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने पड़ोसी के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच जोड़ी कान के झाले (पीली धातु), एक 32 इंच एलईडी टीवी मय सेट टॉप बॉक्स, 12 परदे, एक चद्दर और 980 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, सुशील चौरसिया, कांस्टेबल रविप्रकाश सिंह और प्रदीप कुमार तृतीय शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
